आनंदराम ढांढनियां सरस्वती विद्या मंदिर में अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण कार्यक्रम सम्पन्न

रिपोर्ट: अमित कुमार, भागलपुर से।

भागलपुर भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार के तत्वावधान में संचालित आनंदराम ढांढनियां सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में सत्र 2025-26 की अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम वितरण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को विद्यालय परिसर में हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकगण, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी कक्षाचार्य अपने-अपने कक्षाओं में परीक्षा की जांची हुई उत्तर पुस्तिकाएं, मार्क्स फोलियो एवं परिणाम पत्र लेकर अभिभावकों को वितरण हेतु तैयार थे। छात्रों एवं अभिभावकों ने परिणामों का अवलोकन किया, अपनी शंकाओं का समाधान कराया तथा आगामी परीक्षाओं के लिए उपयोगी सुझाव प्राप्त किए।

प्रधानाचार्य श्री सुमंत कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अर्धवार्षिक परीक्षा का परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत का आईना होता है। उन्होंने छात्रों को अपने कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने और सुधार की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई और प्रगति पर निरंतर नजर रखें तथा उन्हें सहयोग दें।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों का समग्र व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण भी है। परीक्षा प्रमुख रंजन कुमार सिंह ने जानकारी दी कि कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष रणनीति बनाकर अतिरिक्त मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री सुमंत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और सफलता के लिए निरंतर मेहनत की प्रेरणा दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!