मोहम्मद मुजाहिर किशनगंज, संवाददाता। होली पर्व एवं नेपाल में होने वाले चुनाव को लेकर सीमावर्ती जिले किशनगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। त्योहार और चुनाव के मद्देनज़र इंडो-नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशानुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए एसएसबी कैंप कद्दूभिट्ठा, एसएसबी नओडुबा एवं एपीएफ नेपाल के पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसके बाद सीमा क्षेत्र में संयुक्त फ्लैग मार्च भी निकाला गया।
इंडो-नेपाल बॉर्डर के कुर्लीकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत बोर्डिंग एरिया में ज्वाइंट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान को और मजबूत करने पर जोर दिया।
संयुक्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य होली और नेपाल चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना, तस्करी पर नियंत्रण करना तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना है।
किशनगंज पुलिस द्वारा सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी, सघन वाहन जांच अभियान और संदिग्धों की धरपकड़ सुनिश्चित की जा रही है, ताकि त्योहार और चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने का आग्रह किया है।
