जकार्ता, 21 जुलाई 2025: इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी तट पर यात्रियों से भरे एक समुद्री जहाज में आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। घटना रविवार को उस समय घटी जब KM Barcelona VA नामक जहाज तालोद द्वीप से मानाडो नगर की ओर जा रहा था। जहाज में आग लगने के बाद उसमें सवार लगभग 280 लोगों को जान बचाने के लिए समुद्र में कूदना पड़ा।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है, लेकिन सभी यात्रियों को बचा लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इस खौफनाक हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें यात्रियों को जान बचाने के लिए समुद्र में कूदते हुए और धुएं से घिरे जहाज को देखा जा सकता है। राहत और बचाव कार्य में कई नावों और हेलिकॉप्टरों को लगाया गया।
इंडोनेशिया में समुद्री यात्रा आम है, लेकिन सुरक्षा मानकों की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।