किशनगंज। टेढ़ागाछ थाना परिसर में शनिवार को भूमि विवादों के निपटारे के लिए विशेष जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दरबार का उद्देश्य आमजन की जमीन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना था।
जनता दरबार में कुल 12 भूमि विवादों से संबंधित मामले प्रस्तुत किए गए। इनमें से 05 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 07 मामलों की सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई है। इनकी सुनवाई आगामी शनिवार को होगी। इसके अलावा आज की कार्यवाही में दो नए आवेदन भी दर्ज किए गए।
जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी शशि कुमार ने की। उनके साथ थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम, सब इंस्पेक्टर बृज किशोर बैजु, राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार, सरकारी अमीन आशीष कुमार और अंचल कर्मी राजा भी मौजूद रहे।
जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपने भूमि संबंधी विवाद लेकर पहुंचे। कई मामलों में दस्तावेजी साक्ष्य की कमी पाई गई, जिसके चलते उन्हें अगली तिथि पर सुनवाई के लिए स्थगित किया गया।
प्रशासन का मानना है कि ऐसे जनता दरबार नियमित रूप से आयोजित होने से जमीन से जुड़े विवादों का समय पर निपटारा होगा और आम नागरिकों को न्याय सुलभ होगा।
