जिला स्तरीय एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों के लिए लाइफ स्किल प्रशिक्षण आयोजित
बिलासपुर, 6 अप्रैल 2026/जिले में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों के लिए एक अत्यंत प्रभावशाली एवं प्रेरणादायी जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। यह प्रशिक्षण न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि प्रतिभागियों के लिए एक परिवर्तनकारी अनुभव के रूप में उभरा।
प्रशिक्षण के अंतर्गत लाइफ स्किल मॉड्यूल पर विशेष सत्र का संचालन जिला समन्वयक एनीरोज टोडर द्वारा अत्यंत प्रभावी ढंग से किया गया। सत्र में संचार कौशल, निर्णय लेने की क्षमता, भावनात्मक संतुलन तथा विशेष रूप से तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को व्यावहारिक, सहभागी और अनुभवात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों ने न केवल इन विषयों को समझा, बल्कि उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में भी स्पष्ट दृष्टिकोण प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी एवं जिला अधिकारी मनोज सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन ने प्रतिभागियों में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार किया, साथ ही जीवन कौशल शिक्षा के महत्व को और अधिक सशक्त रूप से स्थापित किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों द्वारा अत्यंत सराहा गया और इसे अत्यधिक उपयोगी एवं प्रभावकारी बताया गया। इस पहल ने एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों की क्षमता को सुदृढ़ करते हुए उन्हें जीवन कौशल शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सशक्त बनाया, जिससे भविष्य में विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित होगा।
संवाददाता -महेंद्र सिंह राय
