संवाददाता महेंद्र सिंह राय
बिलासपुर – पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जोंधरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यहां पदस्थ डॉक्टर समय से पहले ही स्वास्थ्य केंद्र छोड़कर चले जा रहे हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों डॉक्टरों की बजाय केवल नेत्र सहायक के भरोसे चल रहा है। डॉक्टरों के समय से पहले चले जाने के कारण इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ता है।
सूत्रों के अनुसार डॉक्टर निजी कार्यों एवं विवाह समारोह में शामिल होने के लिए समय से पहले अस्पताल छोड़ देते हैं, जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर अनदेखी हो रही है।
मामले की सच्चाई जानने के लिए जब संबंधित डॉक्टर को कॉल किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर और भी सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों ने इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से जांच कर दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इसी तरह लापरवाही जारी रही तो ग्रामीणों का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।
