ठाकुरगंज (किशनगंज), संवाददाता।
ठाकुरगंज प्रखंड के कनकपुर पंचायत अंतर्गत कटहल डांगी से धर्म कांटा चौक बायपास रोड के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि प्रशासन और निर्माण एजेंसी द्वारा जमीन मालिकों को बिना किसी प्रकार का मुआवजा दिए ही उनकी निजी भूमि पर सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे स्थानीय जमीन मालिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रस्तावित बायपास रोड निर्माण में कई जमीन मालिकों की जमीन के साथ-साथ बने हुए मकान भी प्रभावित हो रहे हैं। बावजूद इसके अब तक न तो भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की गई है और न ही किसी प्रकार का उचित मुआवजा तय किया गया है। इसके विरोध में जमीन मालिकों ने एकजुट होकर निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई है।
जमीन मालिकों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक उनकी जमीन और उस पर बने मकानों का उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक वे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य होने नहीं देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सहमति और बिना मुआवजा दिए जबरन सड़क निर्माण करना पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है।
स्थानीय ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
वहीं इस मामले पर संबंधित विभाग के अधिकारियों की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण से पहले भूमि अधिग्रहण की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाए और प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान हो सके।
