कन्हौली में भक्ति का महाकुंभ: श्रीराम महायज्ञ में उमड़ रही आस्था की विराट भीड़

 

झंझारपुर संवाददाता हरिशंकर प्रसाद
मधुबनी जिले 

नगर परिषद क्षेत्र के कन्हौली स्थित राम जानकी मंदिर (माधव दास कूटी) इन दिनों आस्था, श्रद्धा और भक्ति के महासागर में तब्दील हो गया है। यहां चल रहा श्रीराम महायज्ञ अब अपने चरम पर पहुंच चुका है, जहां श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़ पूरे इलाके को भक्तिमय बना रही है। यज्ञ स्थल पर कदम रखते ही “जय श्रीराम” और राम नाम की गूंज हर दिशा में सुनाई देती है। श्रद्धालु भक्ति की धारा में ऐसे बह रहे हैं मानो यह स्थल किसी दिव्य लोक में बदल गया हो। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा—हर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना और हवन में भाग ले रहे हैं। महायज्ञ के दौरान कुरीबन के प्रख्यात विद्वान डॉ. जानकी बल्लभ शास्त्री, आचार्य संत जी एवं आचार्य ललित शास्त्री के प्रभावशाली प्रवचन श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रहे हैं। उनके आध्यात्मिक संदेशों से लोग जीवन की चिंताओं को भूलकर भक्ति में डूब जा रहे हैं। कथा, कीर्तन और भजन से पूरा वातावरण गूंजायमान है। आयोजन समिति के अनुसार यह महायज्ञ 7 अप्रैल तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक विधिवत यज्ञ पूजन एवं हवन किया जा रहा है, जबकि दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक कथा, कीर्तन और प्रवचन का आयोजन होता है।
कन्हौली में आयोजित यह महायज्ञ न केवल धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि यह लोगों के लिए आस्था, एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का बड़ा केंद्र बन गया है—जहां हर कोई अपने भीतर शांति और भक्ति का अनुभव कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!