पटना। वेटनरी कॉलेज परिसर में शनिवार को कर्पूरी अति पिछड़ा अधिकार संवाद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में अति पिछड़ा वर्ग के लोग विभिन्न प्रखंडों से शामिल हुए। ठाकुरगंज प्रखंड से भी बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगल लाल मंडल ने की। वहीं, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए अति पिछड़ा वर्ग के नेताओं ने मंच से वर्तमान सरकार पर अति पिछड़ों के साथ हो रहे दमन और शोषण का मुद्दा जोर-शोर से उठाया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रतिपक्ष के नेता एवं भावी मुख्यमंत्री के दावेदार तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर अति पिछड़ा वर्ग को उनका पूरा हक और अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने 50 प्रतिशत आरक्षण की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि वे स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के बताए मार्ग पर चलकर अति पिछड़ा वर्ग सहित समाज के सभी वंचित तबकों के उत्थान के लिए कार्य करेंगे।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद संजय यादव एवं पूर्व मंत्री समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। संवाद के दौरान वक्ताओं ने अति पिछड़ा वर्ग की एकजुटता और उनके अधिकारों की लड़ाई को और तेज करने का आह्वान किया।
