कटिहार रेल मंडल के विकास को मिली रफ्तार, जीएम ने किया कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार रेल मंडल में महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने फिजियोथेरेपी क्लिनिक, रेलवे इंस्टीट्यूट, सोलर प्रोजेक्ट सहित कई सुविधाओं का शुभारंभ किया और क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखी।
जीएम ने फिजियोथेरेपी क्लिनिक, सोलर प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया।
क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास, यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया।
महिला समिति ने डेंटल क्लिनिक, कार्यालय का उद्घाटन किया।
कटिहार रेल मंडल के विकास को रफ्तार मिलेगी। रेल महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। जीएम ने सर्वप्रथम डिवीजनल रेलवे हास्पिटल में नवनिर्मित अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी क्लिनिक का उद्घाटन किया।
इसके अलावा रेलवे इंस्टीट्यूट, कम्युनिटी हाल, सोलर प्रोजेक्ट एवं स्टाफ कैंटीन का उद्घाटन किया। इसी क्रम में आधुनिक सुविधाओं से युक्त क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास भी किया गया।
इस दौरान जीएम ने मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में अहम निर्देश दिए। इसके उपरांत जीएम ने कटिहार कोचिंग डिपो एवं कटिहार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। अपने विशेष निरीक्षण ट्रेन के माध्यम से विभिन्न रेल खंडों, लेवल क्रासिंग, पुलों एवं स्टेशनों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस दौरान स्पीड रन चेक करते हुए रेल संचालन की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का मूल्यांकन भी किया गया। इस दौरान रेलवे संस्थान में सभी यूनियन के पदाधिकारी अलग-अलग भेंट कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर जीएम ने मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नराह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कटिहार रेल मंडल ने सीमित संसाधनों में भी उत्कृष्ट कार्य कर एक नई पहचान बनाई है। मंडल में साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं एवं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जो डीआरएम के कुशल नेतृत्व एवं टीमवर्क का परिणाम है।
