किशनगंज: टाउन हॉल परिसर में 22 अगस्त 2025 से शुरू हुई इंजीनियर नासिक नदीर की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल रविवार को तीसरे दिन में पहुंच गई। जिला परिषद सदस्य सह पूर्व कोचाधामन विधानसभा प्रत्याशी नदीर ने कहा कि जब तक उनकी 10 सूत्री मांगों पर सरकार सकारात्मक पहल नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
तीसरे दिन भूख हड़ताल स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और नदीर के आंदोलन का समर्थन किया। युवाओं, छात्र-छात्राओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके साथ एकजुटता जताते हुए कहा कि यह आंदोलन किशनगंज सहित पूरे सीमांचल के विकास से जुड़ा है। कई महिला समूह और ग्रामीण प्रतिनिधि भी स्थल पर पहुंचे और सरकार से शीघ्र मांगों पर विचार करने की अपील की।
जनता के बढ़ते समर्थन के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या वार्ता की पहल नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार को इस आंदोलन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह सीधे-सीधे शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्रीय विकास जैसे अहम मुद्दों से जुड़ा है।
मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:
1. प्रत्येक विषय के लिए शिक्षकों की बहाली।
2. बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड में अंग्रेजी विषय को अनिवार्य करना।
3. स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कैंसर अस्पताल की स्थापना।
4. प्रखंड कोचाधामन में आपदा विभाग को बड़ा अग्निशामक वाहन उपलब्ध कराना।
5. किशनगंज में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण।
6. जिला परिषद योजनाओं में हो रही 45% धनराशि कटौती पर रोक।
7. महानंदा, डोंक, मेची, रतुआ व कोल नदियों पर बाँध निर्माण।
8. प्रमंडल पूर्णिया में उच्च न्यायालय की एक पीठ की स्थापना।
9. S.I.R. मामलों में आधार कार्ड को मान्य दस्तावेजों में शामिल करना।
10. जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना।
इंजीनियर नासिक नदीर ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द पहल नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
