किशनगंज: जन्म–मृत्यु पंजीकरण को लेकर ठाकुरगंज प्रखंड कार्यालय में क्षमतावर्धन प्रशिक्षण आयोजित

ज़की हमदम ठाकुरगंज किशनगंज

किशनगंज जिला पदाधिकारी-सह-जिला रजिस्ट्रार (जन्म–मृत्यु) के आदेश के आलोक में मंगलवार, 24 दिसंबर 2025 को जन्म–मृत्यु पंजीकरण (जीवनांक सांख्यिकी) से संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के क्षमतावर्धन हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण प्रखंड कार्यालय ठाकुरगंज के सभागार (ऊपरी तल्ला) में संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, किशनगंज श्री प्रमोद कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी पंचायत सचिव, सभी पंचायत कार्यपालक सहायक एवं प्रखंड लिपिकों की सक्रिय उपस्थिति रही।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक द्वारा जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण की प्रक्रिया, समय पर पंजीकरण के महत्व, जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की अद्यतन व्यवस्था तथा इसके लिए आवश्यक वांछित दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली, त्रुटि सुधार, विलंबित पंजीकरण एवं आम नागरिकों को सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने कहा कि जन्म–मृत्यु पंजीकरण एक महत्वपूर्ण सांख्यिकीय एवं प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसका सही और समयबद्ध निष्पादन आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को व्यवहार में उतारते हुए आम जनता को सुगम, त्वरित और त्रुटिरहित सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों का समाधान किया गया तथा प्रशिक्षण को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!