किशनगंज में 35 लाख के धान घोटाले में फरार पैक्स चेयरमैन गिरफ्तार, प्रबंधक अब भी फरार

किशनगंज से मोहम्मद मुजाहीर की रिपोर्ट

किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत भोलमारा ग्राम पंचायत के पैक्स में हुए लगभग 35 लाख रुपये के धान घोटाले में फरार चल रहे पैक्स अध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर पौआखाली थाना पुलिस ने आरोपी अध्यक्ष वसीम अख्तर को पौआखाली थाना क्षेत्र से पकड़ा।

थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि सहकारिता विभाग की शिकायत पर कार्रवाई की गई। यह मामला वर्ष 2023 से लंबित था और आरोपी तभी से फरार चल रहा था।

घोटाले में दूसरा आरोपी पैक्स प्रबंधक गोलू देवी अभी भी फरार है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अंजय कुमार के अनुसार, पैक्स अध्यक्ष व प्रबंधक ने 50 किसानों से कुल 433 लॉट धान खरीदे थे, लेकिन राइस मिल को केवल 264 लॉट धान की आपूर्ति की गई। बाकी 169 लॉट धान का कोई हिसाब नहीं दिया गया, जबकि विभाग ने कई बार नोटिस भेजे और निरीक्षण किया।

28 सितंबर 2023 को दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार सहकारिता अधिनियम 1935 के तहत मामला दर्ज किया गया था। कुल 34,89,850 रुपये के धान गबन की पुष्टि हुई है। पुलिस अब दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *