किशनगंज में अवैध गतिविधियों पर लगेगी लगाम, तीन स्तरीय जांच दल गठित

किशनगंज, सीमावर्ती जिला होने के कारण किशनगंज में अवैध खनन, ओवरलोडिंग, पशु तस्करी एवं मानव तस्करी जैसी गतिविधियों की सूचनाएं लगातार प्राप्त होती रही हैं। इन गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम हेतु जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए अंचल, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर तीन स्तरीय जांच दलों का गठन किया है।

जिला दंडाधिकारी एवं समाहर्ता जिला पदाधिकारी  विशाल राज द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ये जांच दल सीमावर्ती क्षेत्रों सहित जिले के सभी एंट्री प्वाइंट्स जैसे गलगलिया, फरिंगगोला, रामपुर और चरवरिया चेकपोस्ट पर वाहनों की रैंडम चेकिंग करेंगे।

अंचल स्तर पर गठित दल में संबंधित अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल रहेंगे।
अनुमंडल स्तर पर जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल दंडाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है।
जिला स्तर पर जांच दल में जिला परिवहन पदाधिकारी, साइबर डीएसपी, राज्य कर संयुक्त आयुक्त, जिला पशुपालन पदाधिकारी, खनिज विकास पदाधिकारी और अधीक्षक मद्य निषेध शामिल रहेंगे।

जांच के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जांच दलों को प्रतिदिन की जांच रिपोर्ट जिला गोपनीय शाखा में जमा करने का भी आदेश दिया गया है।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करें।

इस आदेश की प्रतिलिपि सभी थानाध्यक्षों, अनुमंडल पदाधिकारियों, पुलिस अधीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ व अनुपालन हेतु भेज दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!