किशनगंज: इंडो-भारत नेपाल बॉर्डर जिला समन्वय समिति की बैठक बिराटनगर में सम्पन्न, सीमा सुरक्षा व समन्वय पर विस्तृत चर्चा

किशनगंज/बिराटनगर (नेपाल): इंडो-भारत नेपाल बॉर्डर जिला समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक नेपाल के बिराटनगर (मोरंग) में आयोजित की गई। बैठक में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और दोनों देशों के अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय को और मजबूत करने पर बल दिया गया।

बैठक में किशनगंज के जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार तथा सशस्त्र सीमा बल (SSB) के कमांडेंट सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। नेपाल की ओर से भी प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारियों की उपस्थिति रही।

बैठक के दौरान सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, अवैध गतिविधियों की रोकथाम, तस्करी नियंत्रण, मानव व्यापार पर निगरानी, सीमा पार आवागमन की सुगमता और आपसी सूचना आदान-प्रदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल के बीच खुली सीमा होने के कारण समन्वय और सतर्कता दोनों ही देशों के लिए अत्यंत आवश्यक है। नियमित संवाद और संयुक्त बैठकें सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में भी इस तरह की समन्वय बैठकों का आयोजन नियमित अंतराल पर किया जाएगा, ताकि सीमा से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी सहयोग को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!