किशनगंज, आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से किशनगंज पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस अधीक्षक किशनगंज के निर्देशानुसार, जिले के विभिन्न थानान्तर्गत स्थित मतदान केंद्रों (बूथों) का पुलिस पदाधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, विद्युत आपूर्ति, जल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। साथ ही संभावित संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील बूथों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बूथ सत्यापन का उद्देश्य चुनाव पूर्व तैयारियों को मजबूत बनाना है ताकि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
किशनगंज पुलिस द्वारा किए जा रहे इस सतर्क एवं योजनाबद्ध कदम से उम्मीद की जा रही है कि विधानसभा चुनाव 2025 शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष माहौल में संपन्न होंगे।
