बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को लेकर किशनगंज पुलिस का फ्लैग मार्च, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने का प्रयास

किशनगंज, बिहार। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक किशनगंज के निर्देशन में शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया।

इस अभियान का नेतृत्व अंचल पुलिस निरीक्षक, बहादुरगंज ने किया। फ्लैग मार्च में बहादुरगंज, ठाकुरगंज, टेढ़ागाछ, दिघलबैंक समेत अन्य थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील इलाकों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों में मार्च कर लोगों को कानून-व्यवस्था के प्रति जागरूक किया।

अभियान का उद्देश्य आगामी चुनावों के दौरान शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या चुनावी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक किशनगंज ने बताया कि जिले के सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित फ्लैग मार्च और नाइट पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि क्षेत्र में शांतिपूर्ण चुनावी माहौल सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!