किशनगंज जिले में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक किशनगंज के द्वारा आज फील्ड भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित बज्र गृह एवं संतरी पोस्ट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने वहां लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा उपकरण पूर्ण रूप से कार्यरत रहें तथा किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए चौकसी बढ़ाई जाए, ताकि मतदाताओं को एक सुरक्षित वातावरण मिल सके।
