किशनगंज, ठाकुरगंज:
किशनगंज जिला के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत भातगांव पंचायत के छोटा बासमनी गांव की छात्रा इशरत जहां ने हिंदुस्तान ओलम्पियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। इशरत जहां, इमरान आलम की साहबजादी हैं और वर्तमान में उच्च माध्यमिक विद्यालय गलगलिया की छात्रा हैं।
इशरत जहां की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार, परिजन एवं ग्रामीणों ने उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इशरत जहां को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आगामी 24 मार्च को पूर्णिया स्थित विद्या विहार इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान समारोह में जिले के अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में समाजसेवी जावेद अख्तर इशरत जहां के घर पहुंचे और उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने इशरत जहां की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
विद्यालय परिवार ने भी इशरत जहां को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता स्कूल के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में भी छात्र-छात्राएं इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।
