रिपोर्ट – अमित कुमार, भागलपुर
भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत कोवाकौली पंचायत के वार्ड संख्या 10 में नल-जल योजना, सड़क और नाला व्यवस्था की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इन बुनियादी सुविधाओं की समस्या बनी हुई है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि ने अब तक ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना के तहत लगाए गए टोटियों में पानी नहीं आता है। कई लोग सड़क किनारे लगे नलों के पास बाल्टी और डिब्बे लेकर घंटों इंतज़ार करते हैं, फिर भी पानी नहीं मिलता।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि चापाकल से मिट्टी और गंदा पानी निकलता है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। गांव की सड़कों और नालों की स्थिति भी बेहद खराब है। हर ओर गंदगी फैली हुई है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है।
स्थानीय ग्रामीण किरण देवी ने बताया कि “आरती नंदन स्कूल के पास स्थित सोमनाथ मंदिर से हम लोग पानी लेने जाते हैं, लेकिन वहां से भी भगा दिया जाता है। कई बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की।”
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि उन्हें घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ पानी के लिए रोज़ संघर्ष करना पड़ता है। उनका कहना है कि “हमसे बहुत बड़ी गलती हुई कि हमने ऐसे जनप्रतिनिधियों को वोट दिया। जब तक हमारी जनसमस्याएं दूर नहीं होंगी, तब तक हम वोट नहीं देंगे।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर नल-जल, सड़क और नाला की समस्या का समाधान करने की मांग की है।
