मुरारी झा /दरभंगा
बिरौल बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिरौल थाना पुलिस को शनिवार की देर रात बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रोहाड़ गांव में छापेमारी कर एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में नेपाली शराब और अवैध हथियार बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक धंधेबाज को भी दबोचा है।
थानाध्यक्ष चन्द्र मणी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रोहाड़ गांव में एक दरवाजे पर खड़ी टोयोटा कोरोला एल्टिस कार (DL7CG7519) में शराब की बड़ी खेप लदी है। सूचना मिलते ही शनिवार रात करीब 02 बजे पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान कार के भीतर से ‘सौरभ सूफी’ ब्रांड की नेपाली शराब के 10 कार्टून बरामद हुए।
90 लीटर शराब और देसी कट्टा बरामद
पुलिस के अनुसार, प्रत्येक कार्टून में 300 ML की 30 बोतलें रखी थीं। कुल मिलाकर 300 बोतलें (90 लीटर) शराब जब्त की गई है। इसके साथ ही कार की तलाशी के दौरान पुलिस को एक देसी कट्टा भी मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से रोहाड़ निवासी प्रमोद कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ मद्य निषेध कानून और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कार को जब्त कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
सफल छापेमारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्र मणी के नेतृत्व में पीएसआई सूरज कुमार, एएसआई प्रेम प्रकाश, एएसआई नीतीश दूबे सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगा रही है।
