संवाददाता: शुभम कुमार
भागलपुर: नववर्ष के आगमन से पूर्व जिले में शराब तस्कर सक्रिय हो गए हैं और भारी मात्रा में अवैध शराब इकट्ठा करने में लगे हुए हैं। जबकि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसी कड़ी में लोदीपुर थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 112 आपात सेवा टीम को एक संदिग्ध टेंपू की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही टेंपू चालक एवं शराब तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो चुके थे।
पुलिस द्वारा टेंपू की तलाशी लेने पर उसमें बने तहखाने से रॉयल स्टैग विदेशी शराब की 375 एमएल की कुल 129 बोतलें बरामद की गईं। मामले की पुष्टि करते हुए लोदीपुर थाना अध्यक्ष श्री घनश्याम कुमार ने बताया कि टेंपू के गुप्त तहखाने से कुल 85.875 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है।
उन्होंने कहा कि मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
नववर्ष को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध शराब कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
