लोदीपुर थाना अध्यक्ष ने चलाया विशेष वाहन जांच अभियान, लोगों को दिया सुरक्षा का संदेश

रिपोर्ट – अमित कुमार, भागलपुर

भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र में थाना अध्यक्ष घनश्याम कुमार के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में महिला और पुरुष बल के कुल 12 सिपाहियों की विशेष टीमों को शामिल किया गया।

अभियान के तहत कुम्हार टोली मोड़ पर वाहनों की गहन जांच की गई। संदेह के आधार पर कई दुपहिया वाहन चालकों को रोका गया और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। विशेषकर हेलमेट का उपयोग अनिवार्य करने पर जोर दिया गया। थाना अध्यक्ष ने कहा कि हेलमेट न सिर्फ कानूनी नियम है, बल्कि चालक की जान बचाने का सबसे अहम साधन भी है।

जांच अभियान के दौरान सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसे पुलिस बल ने तुरंत हटाकर यातायात को सुचारू किया। मौके पर लोदीपुर थाना अध्यक्ष घनश्याम कुमार स्वयं उपस्थित रहकर पूरे अभियान का नेतृत्व कर रहे थे।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!