मां काली को आंसुओं की धार से दी गई विदाई, भक्तों ने भावभीनी विदाई के साथ मांगी क्षमा

रिपोर्ट – अमित कुमार, भागलपुर/बिहार

भागलपुर नगर निगम वार्ड संख्या 35 के भीखनपुर गुमटी नंबर 1 के समीप स्थित काली मंदिर में मां काली की प्रतिमा को बुधवार को आंसुओं की धार के बीच भावभीनी विदाई दी गई। बजरंग गृह निर्माण समिति के तत्वावधान में संपन्न इस धार्मिक आयोजन में भक्तों ने पूरे विधि-विधान से मां को विदाई दी।

समिति के मुख्य अध्यक्ष सह यजमान निरंजन कुमार सिंह एवं उनकी पत्नी निशा देवी ने बताया कि वे पिछले 20 वर्षों से मां काली की पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। निरंजन सिंह ने बताया कि “मां की ऐसी कृपा है कि उनके पूजन से हमारे परिवार और आसपास के सभी लोगों के कार्य सफल होते आए हैं।” उन्होंने बताया कि मां पहले तामसिक स्वरूप में पूजा स्वीकार करती थीं, लेकिन अब वैष्णवी रूप में पूजित होती हैं।

निरंजन सिंह ने एक पुरानी घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि “एक बार दूबे परिवार का एक व्यक्ति नशे की हालत में मां को चूड़ी चढ़ा रहा था, परंतु मां ने उस अर्पण को स्वीकार नहीं किया। उसी समय मां की प्रतिमा की आंखों से कुछ ऐसा देखा गया जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।” उन्होंने कहा कि इसके बाद से मां की कृपा बनी रही और किसी को कोई विपत्ति नहीं आई।

मंदिर के सेवक रूपेंद्र नाथ शर्मा, समाजसेवी किशोर कुमार सिंह, पवन सिंह, अभय कुमार सिंह, नमन कुमार, मंगल, सुंदरम, विक्की सहित अनेक श्रद्धालु एवं महिलाएं अंतिम विदाई में शामिल हुईं। भक्तों ने धान, दूर्वा, अक्षत, पान और मिठाई के साथ जल अर्पित कर मां से क्षमा प्रार्थना की।

इस अवसर पर स्थानीय समाजसेवक एवं पत्रकार अमित कुमार भी उपस्थित थे।
पूरे माहौल में भक्तिमय संगीत, भावनाओं और श्रद्धा का संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!