संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/ बिहार
भागलपुर में आज से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक यानी दसवीं की परीक्षा की शुरुआत हो गई है। जिले भर में कुल 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दोनों पालियों में कुल 46 हजार 243 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं जिला प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है ताकि नकल और अव्यवस्था पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके इस बार परीक्षा की खास बात यह है कि जिले के चार परीक्षा केंद्रों को आदर्श परीक्षा केंद्र घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर परीक्षार्थियों का स्वागत बिल्कुल अलग और सकारात्मक अंदाज में किया जा रहा है। प्रवेश से पहले शिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं को गुलाब का फूल देकर और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया गया।इस पहल से परीक्षार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्रों के चेहरे पर मुस्कान और आत्मविश्वास साफ नजर आया। परीक्षार्थियों का कहना है कि उनकी तैयारी पूरी है और वे बिना किसी तनाव के परीक्षा दे रहे हैं। छात्रों ने उत्साहपूर्वक कहा कि इस बार वे पूरी मेहनत से कलम तोड़कर और कॉपी फाड़कर लिखेंगे।कुल मिलाकर भागलपुर में मैट्रिक परीक्षा की शुरुआत अनुशासन, सुरक्षा और सकारात्मक माहौल के साथ हुई है जिससे बेहतर परिणाम की उम्मीद की जा रही है।
