ठाकुरगंज में 27-28 फरवरी को यूडीआईडी लंबित आवेदनों के निष्पादन हेतु विशेष मिशन मोड शिविर

ठाकुरगंज (किशनगंज), 26 फरवरी 2026: विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) के लंबित आवेदनों के निष्पादन को लेकर दिनांक 27 एवं 28 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ठाकुरगंज में ‘मिशन मोड’ में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर अहमर अब्दाली, प्रखंड विकास पदाधिकारी, ठाकुरगंज की अध्यक्षता में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 26 फरवरी 2026 को प्रखंड मुख्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड कर्मी तथा प्रखंड/नगर पंचायत के सभी विकास मित्र उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान बीडीओ श्री अब्दाली ने बताया कि दिव्यांगजनों द्वारा यूडीआईडी कार्ड बनवाने हेतु पूर्व में जमा किए गए 219 आवेदनों का निष्पादन त्रुटियों के कारण नहीं हो सका था। जिला पदाधिकारी, किशनगंज के निर्देश पर इन लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन हेतु दो दिवसीय विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस कैम्प में संबंधित आवेदकों के आवेदन का निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में बीडीओ ने विकास मित्रों को समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय द्वारा जारी संकल्प की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना (सम्बल) के अंतर्गत देय बैट्री चालित ट्राइसाइकिल के लिए अब न्यूनतम 40 प्रतिशत चलंत दिव्यांगता निर्धारित की गई है। साथ ही 3 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी के संदर्भ में दी जाने वाली अनिवार्य जानकारी को विभाग द्वारा शिथिल किया गया है।
सहायक उपकरणों के मामले में भी विभाग ने महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं। शीघ्र हस्तक्षेप के मामलों में दिव्यांगता प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होने पर भी लाभुकों को लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार तिपहिया साइकिल, श्रवण यंत्र, वैशाखी, कैलिपर्स, कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरणों के लिए वार्षिक पारिवारिक आय की सीमा एक लाख रुपये से बढ़ाकर अधिकतम दो लाख रुपये कर दी गई है।
बीडीओ ने सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया कि मार्च 2026 के दौरान प्रत्येक पंचायत एवं नगर पंचायत से कम-से-कम 10 बैट्री चालित ट्राइसाइकिल तथा 10 मुख्यमंत्री कबीर अन्त्येष्टि योजना के पात्र लाभार्थियों के आवेदन सुनिश्चित कराए जाएं। इस कार्य की समीक्षा प्रत्येक शुक्रवार को की जाएगी।
प्रशासन ने दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर शिविर में उपस्थित होकर अपने लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!