नालंदा में वज्रपात से पांच लोगों की मौत, दो घायल

नालंदा:

बिहार के नालंदा जिले में बुधवार को आसमानी आफत का कहर एक बार फिर देखने को मिला। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वज्रपात की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये घटनाएं उस समय हुईं जब लोग खेतों में काम कर रहे थे या घर के बाहर थे।

पहली घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के दाउदपुर विशंभर बीघा गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रही यशोदा देवी पर वज्रपात हुआ और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

दूसरी घटना नगरनौसा थाना के मखदुमपुर गांव की है, जहां खेत में काम कर रही सीमा देवी की वज्रपात से जान चली गई।
तीसरी घटना रहुई थाना के चंदुआरा गांव में हुई, जहां किसान रामविलास प्रसाद खेत में काम के दौरान वज्रपात की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
चौथी घटना चंडी थाना क्षेत्र के गिरधरचक गांव की है, जहां मूंग तोड़ रहे किसान गब्बर सिंह की भी वज्रपात से जान चली गई।
पांचवीं और सबसे मार्मिक घटना गिरियक थाना क्षेत्र के इंग्लिशपर गांव की है, जहां घर के बाहर खेल रहे दो बच्चे वज्रपात की चपेट में आ गए। इनमें से एक सागर कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा घायल है और उसका इलाज चल रहा है।

हालांकि, प्रशासन की ओर से वज्रपात से हुई मौतों का आधिकारिक आंकड़ा अब तक जारी नहीं किया गया है। एक बार फिर नालंदा जिले में आसमानी आफत ने जनजीवन को झकझोर दिया है। मृतकों में दो महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *