दोपहर में लगी आग से मचा हड़कंप, नकदी, मोबाइल व गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट
मुरारी झा /दरभंगा
तारडीह प्रखंड क्षेत्र के राजाखड़वार पंचायत अंतर्गत नवटोलिया टोला में रविवार की दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी।आग लगने के बाद स्थानीय लोग और छोटी फायर ब्रिगेड वाहन की मदद से आग बुझाने का प्रयास लगातार किया जा रहा था, लेकिन बह रही तेज पछिया हवा ने आग को और भड़का दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग 15 घरों को अपनी चपेट में लेकर सब कुछ जलाकर राख कर दिया।इस घटना में जुगती राम, शंकर राम,नीरज राम,सुरज राम,चौठी राम,मदन कामत, सुमन कामत,चंदन राम,भोला राम सहित कई परिवारों का सारा सामान जल गया।नीरज राम का मोबाइल भी आग की भेंट चढ़ गया।सबसे अधिक मार्मिक स्थिति प्रभु राम की है, जिनकी बेटी की शादी 23 मई को तय थी।
आग में उनके दो मोबाइल, करीब 50 हजार रुपये नकद और शादी की सारी तैयारियां जलकर नष्ट हो गईं।वहीं अनिल राम की पत्नी सुधा देवी द्वारा जीविका समूह से घर बनाने के लिए लाए गए करीब 1.50 लाख रुपये भी आग में जल गए।ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर बड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। बड़ी दमकल की अनुपस्थिति के कारण आग पर काबू पाने में काफी देर हुई और तब तक कई घर जल चुके थे।घटना के बाद पूरे टोले में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत, मुआवजा और अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।
