ठाकुरगंज के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शनिवार को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरा मैदान “2025 फिर से नीतीश” और “जय नीतीश, तय नीतीश” के नारों से गूंज उठा। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशी को जिताने और एक बार फिर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जदयू बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, पूर्व उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह, पूर्व मंत्री नौशाद आलम और पूर्व विधायक गोपाल अग्रवाल उपस्थित रहे। इस सम्मेलन की अध्यक्षता जदयू जिला अध्यक्ष फिरोज अंजुम ने की, जबकि मंच संचालन जदयू जिला उपाध्यक्ष निजामुद्दीन और भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोहन ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री नौशाद आलम ने कहा, “इस बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाना है। ठाकुरगंज में चौतरफा विकास हो रहा है और आगे भी होता रहेगा। इसके लिए आप सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग जरूरी है।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ठाकुरगंज में बाईपास सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है, महानंदा नदी पर पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है और फोर-लेन सड़क परियोजनाओं सहित कई विकास योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। पूर्व विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने कहा कि जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पहली बार NDA के मंच से संबोधन किया। उन्होंने कहा कि अब ठाकुरगंज की पूरी NDA टीम एकजुट होकर गठबंधन को मजबूती प्रदान करेगी और आने वाले चुनाव में NDA प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करेगी।
गोपाल अग्रवाल ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं।
नडीए नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि एकजुट होकर काम करने से ही एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित होगी। सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया।
