संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर
भागलपुर, 2 सितम्बर 2025 — किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से सहकारिता विभाग ने भागलपुर जिले में एक विशेष जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत 26 अगस्त से 25 सितम्बर 2025 तक जिले की सभी प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) में “किसान सहकारी चौपाल” का आयोजन किया जा रहा है। इस चौपाल में किसानों को सहकारिता विभाग की 13 प्रमुख योजनाओं की जानकारी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी जाएगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण किसानों तक योजनाओं की जानकारी सरल और सहज तरीके से पहुँचाना है। राज्य सरकार ने इस कार्यक्रम को दक्षिण बिहार के सभी जिलों में एक साथ लागू किया है। इसके लिए चयनित नाट्य एजेंसियों को तय रूट चार्ट और समयानुसार पैक्स स्तर पर नाट्य प्रस्तुति देने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले कलाकारों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें विभागीय योजनाओं को स्लॉटवार किस तरह से प्रस्तुत करना है, इसकी जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के दौरान योजनाओं का नाम, उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ स्थानीय भाषा में रोचक शैली में बताया जाएगा, जिससे किसानों के बीच संदेश आसानी से पहुँच सके।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रस्तुति की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। यदि किसी स्थल से विभागीय अधिकारियों की ओर से असंतोषजनक रिपोर्ट मिलती है, तो संबंधित नाट्य एजेंसी को कार्यमुक्त कर दिया जाएगा। इस व्यवस्था से पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और गुणवत्तापूर्ण प्रस्तुति किसानों तक पहुँच पाएगी।
इस पहल से न केवल किसानों की जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि खासकर महिला किसानों और युवा किसानों को योजनाओं से जुड़ने में मदद मिलेगी। सरकार का मानना है कि सही लाभार्थियों तक योजनाओं के पहुँचने से कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।
नुक्कड़ नाटक जैसी पारंपरिक और प्रभावी विधा को अपनाकर किसानों को जागरूक करने का यह प्रयास ग्रामीण समाज में नई ऊर्जा और भरोसा पैदा करेगा।
