ऑपरेशन अमानत: विश्वास की वापसी” — रेलवे सुरक्षा बल, मालदा मंडल
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।
रेल यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचने का साधन नहीं, बल्कि विश्वास, जिम्मेदारी और जीवन की आवश्यकताओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री का सामान खो जाता है, तो वह केवल वस्तु का नुकसान नहीं होता, बल्कि उससे जुड़ी भावनाएँ और आवश्यकताएँ भी प्रभावित होती हैं। ऐसे समय में त्वरित सहायता और संवेदनशील कार्रवाई ही विश्वास को पुनः स्थापित करती है।
इसी संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ, *मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल/मालदा, श्री असीम कुमार कुल्लू के सतत पर्यवेक्षण में दिनांक 01 अप्रैल 2025 से 26 फरवरी 2026 तक ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत यात्रियों के खोए अथवा छूटे सामान को खोजकर उन्हें सुरक्षित रूप से सुपुर्द करने की सतत कार्रवाई की गई।*
यह अभियान मंडल के रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट — मालदा टाउन, न्यू फरक्का, जंगीपुर रोड, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज तथा जमालपुर में सक्रिय रूप से संचालित किया गया।
*उक्त अवधि के दौरान ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत छूटे हुए सामान के कुल 330 प्रकरण संज्ञान में आए, जिनका सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य ₹ 49,66,396/- आँका गया। बरामद वस्तुओं में मोबाइल फोन, बैग, सूटकेस, ट्रॉली बैग, लैपटॉप, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आभूषण, नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा अन्य दैनिक उपयोग की मूल्यवान वस्तुएँ सम्मिलित रहीं। सभी वस्तुओं को विधिवत सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया।*
प्रत्येक प्रकरण में त्वरित कार्रवाई, पारदर्शिता एवं मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। यह अभियान यात्रियों के विश्वास को सुदृढ़ करने तथा सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मालदा मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान के प्रति सजग रहें। किसी भी प्रकार की हानि अथवा संदेह की स्थिति में तत्काल निकटतम रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों से संपर्क करें अथवा सहायता संख्या 139 पर सूचना दें।
सुरक्षा, सेवा और विश्वास — रेलवे सुरक्षा बल का संकल्प!
