किशनगंज से ओवैसी ने शुरू किया सीमांचल दौरा, आरजेडी-तेजस्वी पर साधा निशाना

किशनगंज: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सीमांचल के अपने पांच दिवसीय दौरे की शुरुआत किशनगंज जिले से की। उन्होंने ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र के धर्म कट्टा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आरजेडी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला।

सभा के दौरान ओवैसी ने सीमांचल के विकास और यहां की सामाजिक व आर्थिक समस्याओं को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम हमेशा सीमांचल के हक और हाशिए पर पड़े समाज की आवाज बुलंद करेगी। इसके अलावा, उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के कार्यकाल में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी गई है।

ओवैसी के इस दौरे की शुरुआत के दौरान धर्म कट्टा चौक स्थानीय लोगों के नारों से गूंज उठा। लोग “देखो देखो कौन आया, शेर आया शेर आया” जैसे नारे लगा कर उनका स्वागत कर रहे थे और नेताओं के प्रति अपने भरोसे का इजहार कर रहे थे।

ओवैसी का यह दौरा किशनगंज से शुरू होकर अररिया, पूर्णिया और कटिहार तक जारी रहेगा। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि सीमांचल में ओवैसी की बढ़ती सक्रियता आगामी विधानसभा चुनाव में चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है और यह महागठबंधन और एनडीए दोनों के लिए नई चुनौती पेश कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!