पर्यावरण संरक्षण हेतु बढ़ते कदम: जन निर्माण केंद्र और विश्व युवा केंद्र की संयुक्त पहल

 


पर्यावरण संरक्षण हेतु बढ़ते कदम
बिहार ब्यूरो, एस एन हसनैन

पर्यावरण अभियान के तहत जन निर्माण केंद्र की पहल पर और विश्व युवा केंद्र नई दिल्ली के सहयोग से बिहार के किशनगंज, शेखपुरा एवं समस्तीपुर जिलों में जन जागरूकता अभियान तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में महिला संगठनों, स्वयंसेवकों, स्कूली विद्यार्थियों, युवा समूहों और ग्रामीण समुदायों की सक्रिय भागीदारी रही।

जन निर्माण केंद्र के सचिव राकेश कुमार ने बताया कि इस अभियान में लोगों को ‘अपनी माँ के नाम एक वृक्ष’ लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे भावनात्मक जुड़ाव के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की भावना भी विकसित हो रही है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह हमें भोजन, जल, आश्रय और अन्य संसाधन प्रदान करता है। लेकिन आज यह प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और वनों की कटाई जैसे खतरों से जूझ रहा है।

वर्तमान समय में बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग के कारण धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे हिमनद पिघल रहे हैं, समुद्र का जलस्तर बढ़ रहा है और मौसम चक्र में असंतुलन उत्पन्न हो रहा है। इन परिवर्तनों का असर कृषि, जल स्रोतों और जैव विविधता पर गंभीर रूप से पड़ रहा है।

राकेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि अभी ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य की पीढ़ियों को इसके दुष्परिणाम भुगतने होंगे। इस दिशा में प्रत्येक व्यक्ति, संस्था और सरकार को मिलकर प्रयास करना होगा, ताकि धरती और मानवता दोनों का भविष्य सुरक्षित रह सकें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *