प्रशासन गाँव की ओर अभियान के तहत बेसरबाती पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ज़की हमदम ठाकुरगंज किशनगंज

ठाकुरगंज प्रखण्ड अंतर्गत “प्रशासन गाँव की ओर” अभियान के तहत  पंचायत सरकार भवन, बेसरबाती में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखण्ड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), ठाकुरगंज द्वारा की गई।

इस अवसर पर पंचायत की मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, पंचायत स्तरीय कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाना तथा उनकी समस्याओं और लोक शिकायतों के समाधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने बताया कि समाज कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँचाने के लिए पंचायत स्तर पर आरटीपीएस (RTPS) के माध्यम से आवेदन किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी सरकारी योजना का लाभ प्राप्त करने में ग्रामीणों को किसी प्रकार की कठिनाई होती है, तो वे सीधे प्रखण्ड विकास पदाधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

बीडीओ ने बाल विवाह निषेध को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा की और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि समाज में इस कुप्रथा को रोका जा सके।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत किए गए सर्वे के सत्यापन कार्यों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पात्र लाभुकों का सही चयन सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें पंचायत प्रतिनिधियों व कर्मियों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों ने इस तरह के कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी आयोजन की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!