रिपोर्ट – अमित कुमार, भागलपुर/बिहार
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन खड़ना पर्व के अवसर पर भागलपुर के प्रोफेसर उज्जवल मिश्रा ने सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ मय्या की कृपा से हर घर में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
प्रोफेसर मिश्रा की माता संगीता मिश्रा ने बताया कि पंचमी तिथि के दूसरे दिन खड़ना पूजा पूरे परिवार के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न की गई। उन्होंने कहा कि “बिहार में छठ पूजा को विशेष आस्था का पर्व माना गया है। यह पर्व न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि शारीरिक और मानसिक शुद्धता का भी प्रतीक है।”
प्रोफेसर उज्जवल मिश्रा ने बताया कि छठ पूजा, जिसे सूर्य षष्ठी भी कहा जाता है, हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक मास की षष्ठी तिथि को मनाई जाती है। यह चार दिनों तक चलने वाला पर्व है, जिसमें संयम और शुद्धता का विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा, “छठ एकमात्र ऐसा पर्व है जिसमें उगते और डूबते दोनों सूर्य की पूजा की जाती है। हमारे परिवार को इस पर्व से गहरी आस्था है। छठ मय्या ने हमें उम्मीद से अधिक दिया है।”
उनकी बहन अनुकृति मिश्रा ने बताया कि “जो भक्त नियम और श्रद्धा से इस पर्व का पालन करते हैं, छठ मय्या उनके सभी कष्ट दूर करती हैं। यह बिहार की सबसे पवित्र और प्राचीन परंपराओं में से एक है, जो परिवार में यश, वैभव और समृद्धि बनाए रखती है।”
परिवार ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से अपने घर में छठ पूजा का आयोजन कर रहे हैं और आने वाले वर्षों में भी इसे पूरे उत्साह और भक्ति के साथ मनाते रहेंगे।
