गलगालिया ,भातगाँव पंचायत के ईदगाह टोला स्थित शम्शी मस्जिद में रमज़ान के मुबारक महीने के दौरान पढ़ी जा रही तरावीह की नमाज़ आज मुकम्मल हो गई। इस मौके पर मस्जिद में बड़ी संख्या में नमाज़ियों ने शिरकत की और अल्लाह से अमन, शांति और तरक्की की दुआ मांगी।
तरावीह की नमाज़ कारी शमीम अख्तर की इमामत में अदा की गई, जबकि हाफिज मोहम्मद अरशद ने मुकम्मल तौर पर कुरआन पाक सुनाकर तरावीह को पूरा किया। नमाज़ के बाद मस्जिद में खास दुआ का भी एहतमाम किया गया, जिसमें पूरे इलाके की खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआएं की गईं।
मौके पर मौजूद नमाज़ियों ने बताया कि रमज़ान के पूरे महीने शम्शी मस्जिद में तरावीह की नमाज़ बड़े अनुशासन और श्रद्धा के साथ अदा की गई। तरावीह मुकम्मल होने पर मस्जिद परिसर में खुशी का माहौल देखा गया।
स्थानीय लोगों ने कारी शमीम अख्तर और हाफिज मोहम्मद अरशद की सराहना करते हुए उनके लिए दुआएं भी कीं। वहीं मस्जिद कमेटी ने रमज़ान के आखिरी दिनों में भी इबादत और नेक कामों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
