मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण के प्रस्ताव पर समाहरणालय स्थित सभागार में विचार-विमर्श हेतु बैठक आयोजित

बिहार ब्यूरो एस एन हसनैन

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देश तथा निर्वाचन विभाग, बिहार, पटना के पत्र के आलोक में आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 की तैयारियों के अंतर्गत मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण एवं प्रारूप सूची के प्रकाशन हेतु कार्यालय वेश्म में एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री विशाल राज ने की।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्पर्श गुप्ता, अपर समाहर्ता श्री अमरेन्द्र कुमार पंकज, अनुमंडल पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार, निदेशक डीआरडीए-सह-उप निर्वाचन पदाधिकारी, डीसीएलआर सहित बहादुरगंज के विधायक, सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण के प्रस्ताव पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि युक्तिकरण के पश्चात किशनगंज जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 1366 हो गई है, जबकि पूर्व अनुमोदित संख्या 1179 थी। इस प्रकार युक्तिकरण के तहत 187 नए मतदान केन्द्रों का सृजन किया गया है।
जिलाधिकारी ने आगे बताया कि 1200 से अधिक निर्वाचकों वाले केन्द्रों के आधार पर 349 नये केन्द्र चिह्नित किए गए हैं, जिनमें 52-बहादुरगंज में 53, 53-ठाकुरगंज में 58, 54-किशनगंज में 42 एवं 55-कोचाधामन में 34 नवसृजित मतदान केन्द्र सम्मिलित हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि युक्तिकरण के संबंध में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निष्पादन विधिसम्मत रूप से किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन कार्यालय द्वारा तैयार की गई प्रस्तावित योजना का समर्थन किया और निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!