पैतृक संपत्ति विवाद में बढ़ा तनाव, बंटवारे पर सहमति के बावजूद अटका म्यूटेशन
संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर निवासी जगदीश मंडल ने अपनी पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके
दादा स्व. पारो मंडल के नाम से दर्ज जमीन का मौखिक बंटवारा कई वर्ष पहले ही परिवार के बीच हो चुका है, जिसके आधार पर सभी सदस्य अपने-अपने हिस्से पर काबिज हैं। जगदीश मंडल के अनुसार, उनके चचेरे भाई संजय प्रसाद मंडल ने मौजा महेशपुर स्थित जमीन के एक हिस्से (खाता नं. 24, खेसरा नं. 24) में से 3.21 डिसमिल जमीन का गलत तरीके से अपने नाम म्यूटेशन करा लिया है, जिसका मामला वर्तमान में डीसीएलआर भागलपुर के न्यायालय में लंबित है। इसके अलावा, मौजा रिक्साडीह की जमीन को लेकर भी विवाद जारी है, जहां आरोप है कि उनके हिस्से की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में अंचलाधिकारी जगदीशपुर ने 28 फरवरी 2026 को दोनों पक्षों को बुलाकर पंचायती के माध्यम से आपसी सहमति से बंटवारा करने की सलाह दी थी। तीसरा विवाद मोजाहिदपुर क्षेत्र की जमीन को लेकर है, जहां लिखित बंटवारा तैयार होने के बावजूद चचेरे भाइयों द्वारा हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे हैं, जिससे म्यूटेशन की प्रक्रिया अटकी हुई है। जगदीश मंडल ने यह भी आरोप लगाया कि इस संपत्ति विवाद के चलते पहले भी गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें उनके पुत्र की हत्या तक हो गई। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
