पटना, राजद नेता मुस्ताक आलम ने किशनगंज जिले की ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र (53) की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर पटना में पार्टी नेताओं संग विस्तृत चर्चा की।

राजद कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी और प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनवार से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगामी चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान संगठन की मजबूती, स्थानीय मुद्दों और जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाने की दिशा में सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
इसके बाद मुस्ताक आलम ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से राबड़ी आवास पर भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने ठाकुरगंज विधानसभा की जमीनी हकीकत और क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों से लालू प्रसाद यादव को अवगत कराया।
इसी क्रम में उन्होंने स्वर्गीय डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने हमेशा सिद्धांतवादी राजनीति को आगे बढ़ाया और उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्ताक आलम ने स्पष्ट किया कि ठाकुरगंज विधानसभा में राजद संगठन को मजबूत कर जनता के मुद्दों पर प्रभावी लड़ाई लड़ी जाएगी।
