संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार
जनता दल (यूनाइटेड) के जिला कार्यालय में सबौर प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न की गई। इस अवसर पर प्रेक्षक के रूप में नन्दन राय एवं मनोज कुमार मंडल उपस्थित रहे। दोनों प्रेक्षकों ने संगठनात्मक नियमों के तहत पूरी चुनावी प्रक्रिया का संचालन किया और सभी क्रियाशील सदस्यों की उपस्थिति में पारदर्शिता के साथ निर्णय लिया गया।
बैठक की शुरुआत संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श से हुई। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन और सहमति की प्रक्रिया अपनाई गई। सभी क्रियाशील सदस्यों ने आपसी सहमति और समर्थन के साथ बृजेश कुमार सिंह को सबौर प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चयनित किया। उनके नाम की घोषणा होते ही उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
इस मौके पर गोपाल श्रीवास्तव, अशोक यादव, सत्यनारायण सिंह, हीरालाल मंडल, भैरव मंडल मनोज मंडल, सभी पंचायत के पंचायत अध्यक्ष के अलावे अनेक सक्रिय सदस्यों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति दर्ज की और नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा तथा प्रखंड स्तर पर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनता की सेवा को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सबौर प्रखंड में पार्टी को और सशक्त बनाया जाएगा तथा सभी साथियों को साथ लेकर विकास और संगठन विस्तार का कार्य किया जाएगा।
