संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/ बिहार
भागलपुर:महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भागलपुर पुलिस लाइन में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। भोलेनाथ की बारात और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बीच पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण छाया रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव उपस्थित रहे, जबकि डीएसपी मिथिलेश कुमार जायसवाल ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई।पुलिस लाइन के सभी पुलिस जवानों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ शिव बारात में भाग लिया तथा भगवान शिव की आराधना करते हुए पुष्प अर्पित किए। इसके बाद पुलिस लाइन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप पहुंची और पुनः पुलिस लाइन लौटकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान भक्तजन भक्ति गीतों और धुनों पर झूमते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी श्रद्धालुओं और जिलेवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।पूजा-अर्चना कार्यक्रम में शिवालय समिति के अध्यक्ष निराला यादव, मंत्री विश्वजीत कुमार, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, संयुक्त मंत्री विकास कुमार, उपाध्यक्ष मितेश कुमार सिंह, शंकर कुमार सिंह अभिषेक कुमार यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री यादव विकास मंच सहित दर्जनों पुलिस जवान और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम भी किए गए थे।महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने पुलिस लाइन में आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संदेश फैलाया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
