भ्रष्टाचार के विरुद्ध विशेष निगरानी इकाई की कार्रवाई
पटना:
भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई ने बेतिया में तैनात जिला शिक्षा परियोजना पदाधिकारी कार्यालय के सहायक अभियंता रौशन कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अभियंता को 5,00,000 रुपये (पाँच लाख रुपये) नकद तथा एक नवीनतम स्मार्ट वॉच रिश्वत के रूप में स्वीकार करते हुए पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सहायक अभियंता पर कार्य से संबंधित मामले में लाभ पहुंचाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद विशेष निगरानी इकाई की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा।
कार्रवाई के दौरान बरामद नकद राशि और स्मार्ट वॉच को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
विशेष निगरानी इकाई के अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
