खपरैल, सुबलजोत
8वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, खपरैल सुबलजोत के परिसर में संदीक्षा परिवार द्वारा “हरियाली तीज”, वृक्षारोपण अभियान और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संदीक्षा अध्यक्ष श्रीमती स्वेता गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर की।
अपने संबोधन में श्रीमती गुप्ता ने कहा कि हरियाली तीज सुहाग की रक्षा और पारिवारिक कल्याण के लिए महिलाओं द्वारा रखा जाने वाला व्रत है, जो श्रावण मास में विशेष रूप से उत्तर भारत में मनाया जाता है। उन्होंने इस त्यौहार को पारिवारिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हुए सभी को इसके महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम में संदीक्षा परिवार द्वारा झूला उत्सव और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, डॉ. अनिषा गर्वा, सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) ने वृक्षारोपण के महत्व और स्वास्थ्य जागरूकता पर संवाद किया।
सभी संदीक्षा परिवारों ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समापन पर संदीक्षा अध्यक्ष ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थितजनों को धन्यवाद दिया।
इस आयोजन में कुल 75 संदीक्षा सदस्य और 53 बच्चे शामिल हुए।