गलगलिया संवाददाता। 41वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, रानीडंगा के कार्यक्षेत्र अंतर्गत भातगाँव समवाय में आयोजित 21 दिवसीय टेलरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन एक गरिमामयी समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता द्वितीय कमान अधिकारी योगेश कुमार सैनी ने की। समापन समारोह में स्थानीय ग्रामीणों, प्रशिक्षिकाओं, प्रशिक्षणार्थियों तथा “देशबंधु इंस्टिट्यूट ऑफ़ वोकेशनल ट्रेनिंग, सिलीगुड़ी” के प्रतिनिधियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
समारोह की शुरुआत प्रशिक्षुओं द्वारा स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई, जिसमें ग्रामीणों, प्रशिक्षणार्थियों एवं बल कार्मिकों का उत्साह देखते ही बनता था। इस दौरान प्रशिक्षकों और प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण अवधि के अनुभव, सीखे गए कौशल और भविष्य की योजनाओं को साझा किया।
अपने संबोधन में श्री सैनी ने कहा कि एसएसबी द्वारा संचालित यह पहल सीमावर्ती क्षेत्रों की युवतियों में कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक प्रगति को भी सशक्त बनाती है। उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा प्राप्त कौशल का उपयोग आत्मनिर्भरता के रूप में करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने युवतियों को सशस्त्र बलों में कैरियर बनाने तथा उससे संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता हेतु एसएसबी से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों और अतिथियों ने प्रशिक्षुओं के अनुशासन, निष्ठा और मेहनत की सराहना की।
श्री सैनी ने यह बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की कि प्रशिक्षण में शामिल दो प्रतिभागी स्वयं का सिलाई व्यवसाय शुरू कर चुकी हैं, जो इस कार्यक्रम की सफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
कार्यक्रम में सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार सृजन, सामुदायिक विकास और नागरिकों में नागरिक दायित्व एवं सार्वजनिक संपत्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक जागरूकता व्याख्यान भी आयोजित किया गया।
समापन समारोह सौहार्द, उत्साह और नई उम्मीदों के साथ सम्पन्न हुआ। 41वीं वाहिनी की यह जनोपयोगी पहल स्थानीय समुदाय के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
इस अवसर पर मोहित दहिया, सहायक कमांडेंट; “देशबंधु इंस्टिट्यूट ऑफ़ वोकेशनल ट्रेनिंग” सिलीगुड़ी केंद्र की प्रभारी अर्पिता बरुआ; गौर सुंदर हलधर, मनोहर सोमरदार, बाजार समिति अध्यक्ष भातगाँव; मो. मोहफीज़ आलम, सचिव बाजार समिति भातगाँव सहित बल के कार्मिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे
