गलगलिया। 8वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, खपरैल, सुबलजोत के द्वारा रविवार को “विजय दिवस” के उपलक्ष्य में साइकिल अभियान रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन वाहिनी के कमांडेंट मितुल कुमार के नेतृत्व में खेलो इंडिया योजना के फिट इंडिया अभियान के तहत किया गया।
साइकिल रैली सुबह 6 बजे वाहिनी मुख्यालय से प्रारंभ होकर हिमुल मोड़, वास्तु विहार और काली मंदिर होते हुए पुनः मुख्यालय लौटकर सम्पन्न हुई। इस रैली में एसएसबी के अधिकारियों एवं समस्त कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। रैली के दौरान जवानों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए और ग्रामीणों को देशभक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए देश के वीरों को याद करने की इस पहल को सराहनीय बताया। सशस्त्र बलों की ओर से कहा गया कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रीय भावना का संचार होता है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
