होली में नशे पर सख्ती: भागलपुर प्रशासन अलर्ट मोड में जिलाधिकारी का सख्त निर्देश
संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/ बिहार
भागलपुर होली पर्व को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मधनिषेध विभाग और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि त्योहार के दौरान शराब पीकर सड़कों पर निकलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ब्रेथ एनलाइजर के माध्यम से विशेष जांच अभियान चलाया जाए, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई हो सके।डीएम ने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहारों पर अक्सर नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसे रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और मुख्य सड़कों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाए।ब्रेथ एनलाइजर से होगी जांच
प्रशासन ने साफ किया है कि इस बार जांच केवल औपचारिकता नहीं होगी, बल्कि हर संदिग्ध वाहन चालक की ब्रेथ एनलाइजर से जांच की जाएगी। अगर कोई व्यक्ति शराब के प्रभाव में पाया जाता है, तो उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना, वाहन जब्ती और गिरफ्तारी जैसी सख्त कार्रवाई शामिल हो सकती है।
सड़क हादसों पर लगेगा ब्रेक
डीएम ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित रखना है। नशे में वाहन चलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह आम नागरिकों की जान को भी खतरे में डालता है। प्रशासन का मानना है कि सख्ती से ही हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है,जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, नशाखोरी या कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।भागलपुर प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दे दिया है—इस बार होली पर नशे में सड़क पर निकलने वालों की खैर नहीं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरा जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।
बाइट – डॉ. नवल किशोर चौधरी, डीएम, भागलपुर, बिहार।
