विश्व स्वास्थ्य दिवस पर विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित।

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित।

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार ।

भागलपुर, 7 अप्रैल 2026
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आनन्दराम ढांढनियाँ सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में एक विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के प्रसिद्ध चिकित्सकों द्वारा विद्यालय के भैया-बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुमंत कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री महादेव जी एवं उपस्थित चिकित्सकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात सभी चिकित्सकों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने चिकित्सकों से अपने स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर परामर्श लिया और उनके समाधान के उपायों को समझा। इस अवसर पर डॉ. धनंजय चौधरी के निर्देशन में बालिकाओं का टीकाकरण भी किया गया।
महिला चिकित्सक डॉ. रोमा यादव ने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. विकास पांडेय ने नेत्र संबंधी समस्याओं के निवारण के उपाय बताए तथा डॉ. सुमन जी ने आंख, नाक एवं कान से संबंधित रोगों एवं उनके उपचार पर प्रकाश डाला।
इस स्वास्थ्य शिविर में सदर अस्पताल भागलपुर, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज मायागंज तथा शहर के अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों का परीक्षण किया गया। साथ ही नेशनल मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन की टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में डॉ. ऋषु, डॉ. अभिषेक रंजन, डॉ. मणि शंकर, डॉ. नवनीत, डॉ. प्रिया, डॉ. पलक लोहानी, डॉ. हर्ष गोयल, डॉ. अनामिका कारण, डॉ. अमित रंजन, डॉ. सुष्मिता कुमारी, डॉ. धीरज कुमार, स्टाफ नर्स श्रीमती साक्षी भारती सहित अनेक चिकित्सकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर बिहार सरकार की मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षण योजना के अंतर्गत निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण का द्वितीय डोज भी दिया गया।
डॉ. धनंजय चौधरी ने कहा कि यह टीकाकरण बालिकाओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में अत्यंत सहायक है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को यह टीका अवश्य दिलाने की अपील की।
वहीं डॉ. रोमा यादव ने कहा कि बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे स्वस्थ रहकर अपने जीवन में निरंतर प्रगति कर सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुमंत कुमार ने सभी चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य ही उनकी सफलता का आधार है, अतः अभिभावकों को अपने बच्चों की नियमित जांच अवश्य करानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!