मांगें पूरी न होने पर 27 अगस्त से स्वच्छता कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।

बिहार प्रदेश स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं स्वच्छता कर्मी संघ की जिला व प्रखंड इकाई नाथनगर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि उनकी न्यायोचित मांगों की अनदेखी जारी रही तो 27 अगस्त 2025 से पटना के गर्दनीबाग में शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन हड़ताल व धरना शुरू किया जाएगा।

संघ ने बताया कि दिनांक 20 अगस्त 2025 को पंचांक–30 के तहत प्रखंड विकास पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया था। इस ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई थीं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

संघ द्वारा रखी गई प्रमुख मांगों में स्वच्छता पर्यवेक्षकों को अंशकालिक से पूर्णकालिक करने, ग्रामीण विकास विभाग के पत्रांक–1353064 (दिनांक 08.11.2022) के अनुसार संविदा लागू करने, पंचायती राज विभाग के पत्र (दिनांक 15.01.2021) के तहत ₹20,000 मासिक मानदेय लागू करने, सेवाकाल की आयु सीमा 60 वर्ष करने और सभी बकाया मानदेय के तत्काल भुगतान जैसी मांगें शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, स्वच्छता कर्मियों का न्यूनतम मानदेय ₹10,000 मासिक तय करने, कार्यकाल में आकस्मिक मृत्यु होने पर परिजन को उसी पद पर नियुक्ति और सभी लाभ देने, ईपीएफ (EPF) लागू करने, अतिरिक्त कार्य पर अतिरिक्त मानदेय देने तथा विभागीय कार्यों के अलावा अन्य कार्यों में प्रतिनियुक्ति पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।

संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अगर सरकार ने इन मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के पदाधिकारी नीरज कुमार, प्रवीण कुमार, रूपेश कुमार, मीना कुमारी, विहारी कुमार, सावित्री कुमारी, जगमोहन और मगन कुमार मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!