मुरारी झा/दरभंगा
दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कुर्सो गांव में सोमवार को लक्ष्य कोचिंग सेंटर द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में पहली कक्षा से लेकर बारहवीं तक के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने वर्ग में उच्च अंक प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को संस्थान के प्रतीक चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया। खास तौर पर बिहार बोर्ड की दसवीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र विशाल कुमार को 432 अंक प्राप्त करने पर चांदी का सिक्का एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से छात्रों में उत्साह का माहौल देखा गया और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली।
समारोह में लक्ष्य कोचिंग सेंटर के संस्थापक राज कुमार झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से ही सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने सभी छात्रों को निरंतर अध्ययन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुरेंद्र झा उर्फ जीतू झा, ब्रजमोहन झा सहित कई समाजसेवी एवं शिक्षाविद मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिनमें मुक्ति नारायण चौधरी, प्रेम नारायण चौधरी, लाल कांत झा, सरोज झा, अजय झा, कौशल चौधरी, बौआ झा और राहुल झा शामिल थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश गया है।
