किशनगंज, बिहार। बिहार में मद्य निषेध कानून के तहत शराब तस्करों पर चलाए जा रहे अभियान में टेढ़ागाछ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नेपाल से भारत लाई जा रही 417 बोतल नेपाली देसी शराब जब्त की है।
घटना टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र की है। पुलिस को सूचना मिली कि किसी ने शराब तस्करी की योजना बनाई है। इसी दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर तीन बोरा लदी हुई दिखाई दी।
पुलिस को देखते ही बाइक सवार तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। मौके पर तलाशी लेने पर कुल 417 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद हुई।
जब्त शराब और मोटरसाइकिल को थाना लाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार तस्करों की तलाश कर रही है।
यह कार्रवाई बिहार पुलिस के उस अभियान का हिस्सा है, जिसमें राज्य में शराब तस्करी और अवैध शराब की बिक्री को रोकने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
